शिव के आराध्य – कैलाश मानसरोवर यात्रा | राम को प्रणाम

कविता: एम. एल. गुप्ता

शिव के आराध्य, श्रीराम को प्रणाम,
भोले विराजित कैलाश में, कहाँ मिलते हैं राम?
कैलाश अद्भुत संरचना, जिसे नहीं बनाया मानव ने,
ऐसा विलक्षण अद्भुत दृश्य, नहीं रचाया दानव ने!
नेपाल से सिमीकोट, हिलसा होकर तिब्बत पहुँचते हैं,
यहाँ चीनी पारगमन से गुजर, पुरांग में ठहरते हैं।
अगले दिन बस से पहला ठहराव है राक्षसताल,
शिव भक्त रावण ने किया था अद्भुत कमाल।
किए थे शिव को यहाँ, अपने दस शीश समर्पित,
लेकिन अहंकार के कारण, हुआ वह दर्प दलित।

इसके बाद रुकते हैं, मानसरोवर झील के पास,
आश्रम जैसी स्थिति से, सुविधा भोगी मन उदास।
निकट पहुँच कर मानसरोवर के दर्शन जब करते हैं,
इस मधुर शीतल जल का, वर्णन नहीं कर सकते हैं!
अति सुंदर, मनमोहक दृश्य, सागर जैसी यह विशाल,
लेकिन निर्जन है निकट में स्थित, खारा राक्षस ताल!
बादलों की ओट से दिखे, कैलाश और छिप जाते हैं!
लेकिन भक्तों के स्नान, पूजन, का आनंद बढ़ा देते हैं!
लौटते हुए देखते हैं कि, कैलाश का दक्षिण मुख,
प्रकट हुआ है पूरी तरह, साथ में है इंद्र धनुष!
अश्रु बह रहे हैं आनंद में, कैलाश पर विराजित भोलेनाथ,
लगता है साक्षात दर्शन दे रहे, इतनी कृपा कैसे की? नाथ!

अवसर है अगले दिन, कोरा, अर्थात्‌ कैलाश परिक्रमा का,
सबसे पहले यम द्वार से, होकर भक्त के निकलने का।
अपना मोह माया छोड़ कर, अब आगे बढ़ना है मुझे,
शिव की शरण में आया हूँ, खुद को खोना है मुझे।
दक्षिण मुख शिव की पीठ में, मेरुदंड प्रकट करता है,
परिक्रमा में आगे बढ़ कर पश्चिम मुख का दर्शन होता है।
दारचेन से साँझ से पूर्व, डेरापुख पहुँच जाते हैं,
चाहे पैदल जायें या घोड़े से, आनंद सभी पाते हैं!
और अवर्णनीय, अतुलनीय आनंद मिलता है,
जब कैलाश के उत्तर मुख का दर्शन होता है।
साक्षात भोलेनाथ प्रकट हैं, चर्म चक्षु के समक्ष,
यह पवित्र वातावरण, मानव जीवन का भिन्न अक्ष !

रात्रि विश्राम करके परिक्रमा का होगा अगला दिन,
सूर्योदय कितना सुंदर, जब कैलाश दिखेगा स्वर्णिम।
प्रातः काल की सुमधुर वेला, छाया प्राची में प्रकाश,
अलौकिक रूप प्रकट हुआ, शिव स्वयं ही हैं कैलाश।
शीश जटा, नाग फन, दोनों भुजाओं पर बिखरे केश,
उन्नत भाल, विशाल नेत्र, मोहक मुस्कान, अनुपम वेश।
शब्द न्याय नहीं कर पाते, मन हो जाता भाव विभोर,
कैसे कोई बताये किसी को, शांत हो जाता मन का शोर।

साहसिक भक्त बढ़ जाते हैं, अब दुर्गम यात्रा पर,
भूल जाते हैं थकान, बढ़ते हैं भगवान को याद कर,
डोल्मा पास की जब करते हैं कठिन चढ़ाई उतराई,
घोड़े पर हो अथवा पैदल, सबको नानी याद आई।
गौरी कुंड के होते हैं दर्शन, जीवन मानो होता सफल,
कैलाश का पूर्व मुख कुछ देर में ही हो जाता ओझल।
शाम या देर रात जुथुलपुख, पहुँच जाते हैं सब भक्त,
अगले दिन दारचेन जाने में, बस लगता है कुछ वक़्त।
परिक्रमा पूरी करके जो विश्वास मन में जागता है,
कृतज्ञता के भाव से भक्त, भीतर तक भर जाता है।

वापसी यात्रा प्रारंभ होती है, मन खाली हो जाता है,
आत्मा से अपना संबंध, मन को भरने लग जाता है।
फिर पुरांग से होते हुए, समूह हिलसा पहुँच जाता है,
अब सिमीकोट से नेपालगंज का रास्ता बच जाता है।
नेपालगंज से मात्र चार किलोमीटर रहता है भारत देश,
मन प्रफुल्लित, जीवन कुसुमित, मंगलमय हो प्रवेश।
जीवन में सदा सर्वदा, रहेगा इस यात्रा का प्रभाव,
हम करें राम को प्रणाम, हमारे जीवन में हो भक्ति भाव।

— एम. एल. गुप्ता | राम को प्रणाम शृंखला | YouTube: @mlgupta

Comments